Saturday 6 July 2013

कामयाब महिलाओं की दास्तान


फ़ज़ल इमाम मल्लिक

सुधा मेनन की नई किताब ‘लीडिंग लेडीज’ देश की चुनिंदा महिलाओं की कामयाबी, उनके संघर्ष और जीजीविषा का दस्तावेज़ है। पेशे से पत्रकार सुधा मेनन की क़रीब सवा चार सौ पन्नों में फैली यह पुस्तक अपनी तरह की शायद पहली किताब है जिसमें देश की चुनिंदा महिलाओं के जीवन को पाठकों के सामने रखा गया है। इस पुस्तक के रचने की एक बड़ी वजह यह हो सकती है कि सुधा मेनन ख़ुद महिला हैं लेकिन सिर्फ़ यह वजह ही काफ़ी नहीं है। उन्होंने कहा भी है कि इसके पीछे मक़सद उन महिलाओं के दर्द, उनके संघर्ष और उनके कर्म को लोगों के सामने रखना था क्योंकि हम जिस भारतीय परिवेश में रहते हैं वहां हम हर पल अपने वजूद के लिए संघर्ष करते रहते हैं, इस सच के बावजूद कि आधा आकाश हमारा है।

पुस्तक में देश की पंद्रह सफल महिलाओं की जीवनगाथा को सलीक़े से पेश किया गया है। अमृता पटेल, अनु आगा, कल्पना मोरपारिया, किरण मजूमदार शॉ, लीला पुनावाला, मल्लिका साराभाई, मेहर पद्मजी, नैनालाल किदवाई, प्रिया पाल, पी.टीय उषा, शाहीन मिस्त्री, शिखा शर्मा, शुभा मूद््गल और विनीता बाली के जीवन को आधार बना कर पुस्तक लिखी गई है। किताब में इन महिलाओं ने बहुत ही बेबाकी से कामयाबी पर पहुंचने में आई दिक्कतों को तो सामने रखा ही है, उन छोटी-छोटी घटनाओं का ज़़िक्र भी किया है जिसने उन्हें जीवन में बेहतर करने को प्रेरित किया है। इन महिलाओं ने माना है कि उनके जीवन को अनुशासित करने में आम लोगों की हिस्सेदारी भी रही है अमूमन जिन्हें नज़रअंदाज़ कर दिया जाता है। इन महिलाओं ने इस बात का उल्लेख भी किया है कि पश्चिम देशों की बनिस्बत घर और परिवार के साथ व्यस्तता के बावजूद सामंजस बनाने में उन्हें किसी तरह की परेशानी नहीं होती है। भारत में घर और परिवार उनके विकास में बाधा नहीं बनता है बल्कि एक संबल बन कर उन्हें जीवन में बार-बार बेहतर करने के लिए ऊर्जा से भर देता है।

किताब की लेखिका सुधा मेनन भूमिका में इस बात का उल्लेख भी करती हैं कि इन महिलाओं पर लिखते हुए उन्होंने जीवन के कई रंग देखे हैं और मेरे जीवन में भी कई बदलाव आए हैं खासतौर पर मुझमें ढेरों आत्मविश्वास पनपा है क्योंकि इन महिलाओं की ज़िंदगी से मैंने यह सीखा है कि अपने मन की हर बात सुनें और सम्मान, प्रेम, साहस और प्रतिबद्धता के साथ जीवन जिएं तो कुछ भी नामुमकिन नहीं है। उम्मीद की जानी चाहिए कि यह किताब और लोगों को भी प्रेरित कर उन्हें बेहतर इंसान बनाने में मदद करेगी।



No comments:

Post a Comment