Friday, 3 April 2015

सम्मेलन के दूसरे दिन जयपुर में मीडिया गुरुओ और छात्रों ने पढ़े रिसर्च पेपर

राजस्थान विश्वविद्यालय जयपुर में देशभर से जुटे मीडिया शिक्षकों के सम्मेलन के दूसरे दिन का ज्यादातर समय शोधपत्र-वाचन के नाम रहा। विभिन्न प्रदेशों से यहां पहुंच मीडिया मीडिया के शिक्षकों और रिसर्च स्कॉलर ने दो सौ से अधिक परचे पढ़े। अधिकांश शोध पत्र पारंपरिक और सोशल मीडिया के सामाजिक प्रभाव से संबधित रहे।  

Thursday, 2 April 2015

गुरुवार को जयपुर में मीडिया का तीन दिवसीय महाकुंभ शुरू

जयपुर : राजस्थान विश्वविद्यालय, जयपुर में गुरुवार को मीडिया शिक्षकों का तीन दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन शुरू हो गया। इसमें बीस राज्यों के ढाई सौ से अधिक मीडिया गुरू समाज में सकारात्मक बदलाव और इसमें मीडिया की भूमिका पर विचार विमर्श करने के लिए जमा हुए हैं। सम्मेलन का उदघाटन माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय भोपाल के कुलपति प्रो. बी के कुठियाला ने किया। सम्मेलन को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि नेशनल बुक ट्रस्ट के अध्यक्ष बलदेव भाई शर्मा ने कहा कि पत्रकारिता लोकतंत्र का चौथा स्तंभ नहीं, वरन प्रमुख स्तंभ है। प्रो. कुठियाला ने तीसरे प्रेस आयोग के गठन की मांग की। ब्रॉडकास्टर्स एडिटर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया के महासचिव एन.के. सिंह ने मीडिया के कामकाज में सरकारी दखल को गैर जरूरी करार दिया।
‘समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में मीडिया की भूमिका’ विषय पर आयोजित किए जा रहे, इस सम्मेलन में 18 से अधिक राज्यों के 250 से अधिक प्रतिनिधि शामिल हो रहे हैं। मीडिया शिक्षकों के इस सम्मेलन का आयोजन राजस्थान विश्वविद्यालय के जनसंचार केन्द्र, मणिपाल विश्वविद्यालय, जयपुर, मीडिया एडवोकेसी, स्वयं सेवी संगठन लोक संवाद संस्थान और सोसायटी ऑफ मीडिया इनिशिएटिव फॉर वैल्यू, इंदौर के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है। 4 अप्रैल तक चलने वाले इस सम्मेलन में 20 राज्यों के करीब 250 प्रतिनिधि शामिल हो रहे हैं। सम्मेलन का आयोजन राजस्थान विवि के जनसंचार केंद्र के रजत जयंती वर्ष से जुड़े समारोह के क्रम में किया जा रहा है।
सम्मेलन के मुख्य अतिथि और नेशनल बुक ट्रस्ट के अध्यक्ष बलदेव भाई शर्मा ने सत्य, धर्म और न्याय को समाज की बुनियाद बताया और कहा कि पत्रकारिता इस आधारभूत संरचना को कायम रखने का एक प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता को लोकतंत्र का चौथा स्तंभ नहीं वरन प्रमुख स्तंभ माना जाना चाहिए। उन्होंने पत्रकारिता में भारतीय जीवन मूल्यों और संस्कारों को स्थान देने का आग्रह किया और सकारात्मक पहलुओं को शामिल करने पर जोर दिया। उन्होंने मीडिया की सामाजिक प्रतिबद्धता को रेखांकित करते हुए ऊंचे जीवन मूल्यों को अपनाने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि मीडिया राष्ट्र के जीवन निर्माण का माध्यम है और बदलते दौर में में भी मीडिया को अपने दायित्व का प्रभावी तरीके से निभाना चाहिए। उन्होंने मीडिया शिक्षकों से अपील की कि वे नई पीढ़ी को मानवीय मूल्यों और संस्कारों की शिक्षा दें और अपने जीवन तथा आचरण में भी इन्हें उतारें।
हाल के दौर में मीडिया की दुनिया में आई गिरावट पर गहरी चिंता जताते हुए प्रो. कुठियाला ने कहा कि समाज में सकारात्मक बदलाव के साथ संवाद के स्वराज की जरूरत है। इंटरनेट के कारण आज समूचा विश्व एक व्यापक समाज में बदल गया है। तकनीक के इस नए दौर में हमें मीडिया शिक्षण में भी आवश्यक बदलाव करने होंगे। उन्होंने मीडिया के व्यावसायिक स्वरूप का जिक्र करते हुए कहा कि इसमें तब तक कोई बुराई नहीं है, जब तक कि मीडिया अपने सामाजिक सराकारों को न छोड़े। उन्होंने तीसरे प्रेस आयोग के गठन की मांग की और एक प्रभावी मीडिया काउंसिल बनाने की भी जरूरत परजोर दिया।
सम्मेलन के विशिष्ट अतिथि और नेटवर्क 18 के प्रेसीडेंट (न्यूज) उमेश उपाध्याय ने इस बात पर खुशी जताई कि आज मीडिया से भी सवाल पूछे जा रहे हैं, जो कि स्वस्थ लोकतंत्र का परिचायक है। उन्होंने मीडिया शिक्षण और मीडिया के बीच बेहतर तालमेल की जरूरत बताई और मीडिया एजुकेशन को मीडिया के साथ जोड़ने पर बल दिया। उन्होंने सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव का जिक्र करते हुए कहा कि मीडिया के नए साधनों पर इस तरह की सामग्री शामिल की जानी चाहिए, जो लोगों की सामूहिक अवचेतना को बढ़ाए।
कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. सच्चिदानंद जोशी ने मीडिया की भूमिका का जिक्र करते हुए कहा कि मीडिया शिक्षण का दौर बेहद कठिन है और इसीलिए जय जरूरी है कि हम मीडिया से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा करें। उन्होंने कहा कि अन्य शिक्षकों की तुलना में मीडिया शिक्षकों के सामने अधिक चुनौतियां हैं, क्योंकि उनके साथ समाज की अपेक्षाएं भी जुड़ी हैं। प्रो. जोशी ने मीडिया शिक्षकों से आग्रह किया कि वे एक मंच पर आएं और मीडिया शिक्षण को और बेहतर तथा प्रभावी बनाने का आग्रह भी किया और कहा कि मीडिया शिक्षकों के ऐसे अहम सम्मेलनों का आयोजन निमित्त तौर पर किया जाना चाहिए।
ब्रॉडकास्टर्स एडिटर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया के महासचिव और वरिष्ठ पत्रकार एन.के. सिंह ने सामाजिक सरोकारों से मीडिया की बढ़ती दूरी पर गहरी चिंता व्यक्त की, लेकिन उन्होंने मीडिया के कामकाज में सरकारी दखल को गैर जरूरी ठहराया और कहा कि सत्ता का चरित्र प्रतिबंध में ही परिलक्षित होता है। उन्होंने कहा कि मौजूदा दौर में मीडिया में वही सब कुछ नजर आ रहा है, जो समाज से घट रहा है। उन्होंने संपादक संस्था की गरिमा और प्रतिष्ठा को फिर से बहाल करने की अपील की और कहा कि कॉर्पोरेट दौर में मीडिया के सामने यह एक अहम चुनौती है। उन्होंने उम्मीद जताई कि संपादक की गरिमा बहाल होने के बाद समाज में भी व्यापक बदलाव नजर आ सकता है और इस तरह मीडिया समाज सुधार के लक्ष्य को हासिल कर सकता है। उन्होंने मीडिया शिक्षकों से अपील की कि वे विद्यार्थियों में बेहतर जीवन मूल्यों की समझ विकसित करें।
सम्मेलन के अध्यक्ष प्रो. डॉ. संजीव भानावत ने बताया कि इस आयोजन में उत्तर पूर्व और दक्षिण भारत के संस्थानों से जुड़े मीडिया शिक्षक भी शामिल हो रहे हैं और इससे यह उम्मीद बढ़ी है कि बदलाव की लहर बहुत दूर तक जाएगी। उन्होंने कहा कि जन संचार केन्द्र के विद्यार्थियों को सामाजिक सरोकारों से जोड़ने के निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने इस सम्मेलन को वैचारिक महाकुंभ की संज्ञा दी और उम्मीद जताई कि तीन दिन के इस मंथन से अहम परिणाम सामने आएंगे।
सोसायटी ऑफ मीडिया इनिशिएटिव ऑफ वैल्यू, इंदौर के राष्ट्रीय संयोजक प्रो. कमल दीक्षित ने मीडिया की दुनिया में आए बदलावों की चर्चा की और पत्रकारिता में मूल्यों तथा आदर्शों में गिरावट पर चिंता जताई। उन्होंने वर्तमान दौर में मीडिया की भूमिका पर नए सिरे से विचार करने का सुझाव दिया और एक बेहतर समाज के निर्माण की दिशा में साझा प्रयास करने की अपील की। सम्मेलन की संयोजक कल्याणसिंह कोठारी ने बताया कि सम्मेलन के दौरान 12 विभिन्न तकनीकी सत्रों में 200 से अधिक शोध पत्र प्रस्तुत किए जाएंगे।
सम्मेलन के दौरान एक स्मारिका का लोकार्पण भी किया गया। इस स्मारिका में शोध पत्रों का सारांश प्रकाशित किया गया है। इस दौरान सम्मेलन के न्यूजलैटर ‘एआईएमईसी टाइम्स’ का लोकार्पण भी किया गया। न्यूज लैटर का प्रकाशन सम्मेलन में प्रतिदिन किया जाएगा और इसमें सम्मेलन की प्रमुख गतिविधियों को प्रकाशित किया जाएगा।

गुरुवार को जयपुर में मीडिया का महाकुंभ शुरू


गुरुवार को जयपुर में मीडिया का महाकुंभ शुरू


Wednesday, 1 April 2015

'क्लास रिपोर्टर' अब ऑन लाइन उपलब्ध..... लिंक-http://pustak.org/home.php?bookid=9059

प्रस्तुत हैं पुस्तक के कुछ अंश
इस पुस्तक में बाईस अध्याय हैं, जिनमें रिपोर्टिंग के विभिन्न पक्षों पर सविस्तार प्रकाश डाला गया है। पुस्तक, न केवल पत्रकारिता के विद्यार्थियों के लिए उपयोगी है बल्कि नयी पीढ़ी के पत्रकारों के लिए भी उतनी ही पठनीय और संग्रहणीय। प्रसिद्ध कथाकार ममता कालिया का कहती हैं - ‘जयप्रकाश त्रिपाठी की पुस्तक ‘मीडिया हूं मैं’ की तरह ‘क्लास रिपोर्टर’ में भी मीडिया से जुड़े वर्षों का अनुभव सहेजने की कोशिश की गयी है।’ तकनीक के दौर में बेहतर रिपोर्टर होने की दिशा में किस तरह सजग रहना आज जरूरी हो गया है, इस 208 पृष्ठों की पुस्तक के विभिन्न अध्यायों बिजनेस, अपराध, समाज, खेल, कृषि, ग्रामीण, विज्ञान, राजनीति, संसद, स्वास्थ्य, विकास आदि में कवरेज की दृष्टि से पूरी गंभीरता से प्रस्तुत किया गया है। रिपोर्टिंग के पहले पाठ से लेकर रिपोर्टिंग की पढ़ाई और करियर तक ‘क्लास रिपोर्टर’ में सब समाहित है।
सही मायने में यह पुस्तक किसी भी मीडिया विद्यार्थी को न केवल रिपोर्टिंग के सिद्धांतों, रिपोर्टिंग के विविध आयामों, रिपोर्टिंग के महत्व से परिचित कराती है बल्कि उसे एक उम्दा रिपोर्टर भी बनाती है। ‘क्लास रिपोर्टर’ में पत्रकार के लिए कुशल रिपोर्टिंग, कॉपी राइटिंग की दृष्टि से आवश्यक भाषा और वर्तनी पर भी गंभीर सामग्री है। पुस्तक के संबंध में मीडिया गुरु एवं माखनलाल चतुर्वेदी पत्रकारिता विश्वविद्यालय, भोपाल के विभागाध्यक्ष संजय द्विवेदी की टिप्पणी गौरतलब है। वह लिखते हैं - ‘सूचना की बहुतायत के बीच खबरें चुनना और उन्हें अपने लक्ष्य समूह के लिए प्रस्तुत करना साधारण कला नहीं है। ‘क्लास रिपोर्टर’ अकादमिक आख्यान भर नहीं, सीधे मैदान में उतरने के औजार भी उपलब्ध कराती है।’ पुस्तक का अध्ययन करने के बाद प्रसिद्ध हिंदी कथाकार संजीव कहते हैं - ‘क्लास रिपोर्टर’ छात्रों के काम की किताब है। जनसंचार विभागाध्यक्ष (असम विश्वविद्यालय) प्रो.ज्ञान प्रकाश पाण्डेय लिखते हैं - ‘क्लास रिपोर्टर’ छात्रों, शोधार्थियों एवं नये पत्रकारों के लिए क्यों आवश्यक है, इसके अध्ययन से पता चलता है।
पटना विश्वविद्यालय के पत्रकारिता विभाग के प्रोफेसर राकेश प्रवीर की टिप्पणी है - ‘बीस से अधिक अध्यायों में अंतर्विभाजित ‘क्लास रिपोर्टर’ से छात्रों, अध्येताओं, पत्रकारों का अवश्य पथ-प्रदर्शन होगा।’ राजस्थान विश्वविद्यालय में जनसंचार केंद्र के अध्यक्ष प्रो. संजीव भानावत ने लिखा है - ‘क्लास रिपोर्टर’ अध्ययन एवं अध्यापन की दृष्टि से पत्रकारिता का एक आधारभूत ग्रंथ है। माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय, नोएडा (उ.प्र.) के निदेशक प्रो.जगदीश उपासने का कहना है कि मीडिया में अपना भविष्य देख रहे छात्रों के लिए ‘क्लास रिपोर्टर’ अत्यंत महत्वपूर्ण पुस्तक है।
‘क्लास रिपोर्टर’ के ‘पूर्वारंभ’ (भूमिका) में लेखक जयप्रकाश त्रिपाठी लिखते हैं - यह तो दावा नहीं करना चाहिए कि जर्नलिज्म के छात्रों के लिए ऐसी कोई किताब नहीं लिखी गयी है, न इस तरह और कभी लिखने का प्रयास किया गया होगा। ‘क्लास रिपोर्टर’ को लिखते समय ध्यान मुख्यतः विश्वविद्यालयों के भिन्न पाठ्यक्रमों और पत्रकारिता विभागाध्यक्षों के लगभग एक-जैसे उस महत्वपूर्ण कथन पर केंद्रित रहा कि काफी समय से मीडिया प्रशिक्षुओं के लिए एक ऐसी पुस्तक की आवश्यकता बनी हुई है, जिसमें रिपोर्टिंग के विविध विषय एवं अधिकांश पक्ष, सविस्तार एक साथ संकलित हों। पुस्तक में उनकी स्वाध्यायी अपेक्षाओं पर खरा उतरने का गंभीर प्रयास किया गया है।
‘पुस्तक-सामग्री के चयन एवं लेखन के दौरान मेरे लिए दूसरा विचारणीय विंदु रहा, विभिन्न प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में कार्यरत रहते हुए स्वयं का वह अनुभव, निष्कर्ष और एक प्रश्न कि पत्रकारों की नयी पीढ़ी पहले की तरह क्यों नहीं? शहरों, महानगरों की परिधि लांघते हुए दुर्गम स्थानों तक, गांव-गांव मीडिया क्षेत्र जिस वेग से विस्तारित होता जा रहा है, क्या उस अनुपात में सुयोग्य रिपोर्टर्स का संस्थानों में अभाव नहीं महसूस किया जा रहा है? क्या अयोग्यता के इस प्रश्न को प्रशिक्षण संस्थानों के मत्थे मढ़कर संपादक प्रतिष्ठान स्वयं अनुत्तरित हो सकता है? इसलिए यह पुस्तक नये रिपोर्टर्स के लिए भी उतनी ही उपयोगी हो सकती है, जितनी कि जर्नलिज्म के छात्रों के लिए। पत्रकारिता के छात्रों, नयी पीढ़ी के पत्रकार साथियों और किंचित मीडिया विद्वानों के बीच भी एक और प्रश्न गौरतलब हो सकता है कि इतना विशद विषय रिपोर्टिंग ही क्यों? इस प्रश्न का समाधान पुस्तक पढ़ने के बाद ही पाया जा सकता है।’
पाठक की जिज्ञासा, जानने की उत्सुकता ही सूचना के उद्भव की पहली आवश्यकता है। मनुष्य स्वभावतः जिज्ञासु होता है। भिन्न-भिन्न प्रकार की सूचनात्मक जिज्ञासाओं का समाधान ही ‘पत्रकारिता’ है। पत्रकारिता के विद्वानों ने इसे अनेक तरह से परिभाषित किया है। खबर या रिपोर्ट क्या होती है? संक्षिप्ततः आम पाठक के लिए किसी अज्ञात एवं ताजा घटना-दुर्घटना की सूचना अथवा किसी घटना-दुर्घटना की ताजा सूचना को खबर या रिपोर्ट कहते हैं। अंग्रेजी के नॉर्थ, ईस्ट, वेस्ट, साउथ दिशाबोधक चार शब्दों से बने (NEWS) न्यूज-समाचार को अतिविद्वतापूर्ण शब्दों में ‘जल्दी में लिखा गया इतिहास’ भी कह दिया जाता है। रिपोर्टिंग एक कला है, कौशल है। पत्रकारिता की भाषा में खबर को ‘रिपोर्ट’ कहा जाता है और खबर संकलित करने वाले को रिपोर्टर। पत्रकारिता का प्रथम एवं सर्वाधिक क्रियाशील प्रत्यंग होता है रिपोर्टर। वस्तुतः वही पत्रकारिता का जीवनदाता ‘प्रथम हस्ताक्षर’ होता है। उसे छोड़कर पत्रकारिता की अन्य समस्त संचारी क्रियाएं-प्रक्रियाएं सूचना के सुंदरीकरण एवं संवहन के लिए होती हैं। रिपोर्टर की पहली योग्यता है सर्वप्रथम पाठक के प्रति ईमानदारी, मनुष्यता में विश्वास, रचनात्मक निष्ठा एवं सुधी पठनीयता। बाकी तरह की योग्यताएं विद्यालयीय, सांस्थानिक अथवा सामाजिक सरोकारों की देन होती हैं।
चारो मीडिया माध्यमों में पत्रकारिता के लिए लेखन-सैद्धांतिकी चाहे जो भी हो, सबसे कलात्मक और स्वीकार्य वह है, जो सूचनाओं की पठनीयता की दृष्टि से अत्यंत सहज, शुद्ध, बोधगम्य हो। पांडित्य प्रदर्शन, अनावश्यक वैचारिक विश्लेषण, संस्कृतनिष्ठ हिन्दी, बहुत जटिल उर्दू-फारसी के शब्द खबरों को दुर्बोध बनाते हैं। खबरों की लिखाई स्पष्ट और सूचनात्मक तथ्यों के अनुपात में संतुलित-संक्षिप्त होनी चाहिए। पाठकों की अभिरुचि एवं सूचना-महत्व की दृष्टि से रिपोर्ट के शीर्षक मीडिया माध्यम के तेवर से पाठकों को परिचित कराते हैं। शीर्षक रिपोर्टर और संपादक की योग्यता का भी प्राथमिक मापदंड होते हैं। कहा जाता है कि खबर का शीर्षक ऐसा होना चाहिए, जिसे पढ़ते ही पाठक पूरी सूचना जानने के लिए व्यग्र हो उठे। खबरों के साथ प्रस्तुत होने वाले चित्रों के परिचय लिखने में भी छह-ककार के सूत्र का प्रयोग किया जाता है। उन्नीसवीं सदी के मध्य से प्रचलन में ‘उल्टा पिरामिड’ समाचार लेखन का सबसे सरल और व्यावहारिक सिद्धांत है। इसके अंतर्गत खबर के सबसे महत्वपूर्ण तथ्य को सबसे पहले लिखा जाता है। उल्टा पिरामिड शैली के ‘इंट्रो और बॉडी’, मुख्यतः दो हिस्से होते हैं। सबसे पहले अधिकतम चालीस-पचास शब्दों में खबर का इंट्रो लिखा जाता है। इंट्रो में पूरी खबर छह-ककार के मानक के अनुसार संक्षिप्ततः लिखी जाती है।
हिंदी पत्रकारिता में आज भाषा और वर्तनी की अशुद्धता पाठकों ही नहीं, रिपोर्टरों और संपादकों के लिए भी गंभीर बौद्धिक चिंता का विषय है। इस दिशा में मीडिया की आंतरिक उदासीनता से हिंदी पत्रकारिता की बहुत क्षति हो रही है। इस पर ध्यान देना पत्रकारिता के छात्रों एवं नये पत्रकारों के लिए विशेष रूप से उपयोगी होगा। यहां भाषा और वर्तनी पर विद्वानों की राय के साथ सविस्तार प्रकाश डाला गया है। रिपोर्ट यानी खबर की भाषा का उद्देश्य सूचना को ऐसी भाषा में संप्रेषित करना होता है, जो पाठकों को सहजता से समझ में आ जाये। खबर की भाषा एकदम सरल होनी चाहिए। रिपोर्टर को ध्यान रहना चाहिए कि भाषा का जादू चलाने के लिए वह खबर को उसकी बोधगम्यता से भटका तो नहीं रहा है, क्योंकि खबर का मूल उद्देश्य भाषा-ज्ञान का प्रदर्शन नहीं, बल्कि अधिक-से-अधिक पाठकों तक पहुंचाना है। पत्रकारिता और साहित्य की भाषा पृथक-पृथक होती है। पत्रकारिता की वही भाषा अच्छी मानी जाती है, जिसमें प्रस्तुत सूचना सरल तरीक़े से पाठक को समझ में आ जाये। भाषावैज्ञानि‍क, दार्शनि‍क, वामपंथी लेखक नोम चोम्‍स्‍की ने भाषाविज्ञान संबंधी कई सिद्धांतों का सूत्रपात किया है। उनका कहना है कि ‘जन्मजात भाषाई क्षमता मनुष्यों की विशिष्टता है।’ भाषा उत्पन्न करने जैसे विशिष्ट मामले में कोई प्रजाति अगर मनुष्य के सबसे ज्यादा नजदीक कही जा सकती है, तो वह है पक्षी।....भाषा की प्रकृति के बार में जो कुछ हम जानते हैं उसे हम किस हद तक मस्तिष्क में होने वाली क्रियाओं से जोड़कर देख सकते हैं? और अंतत: क्या भाषा के आनुवांशिक आधार के बारे में कोई गम्‍भीर पड़ताल हुई है? इस सभी बिंदुओं पर बेशक प्रगति दिखाई देती है लेकिन बड़े रिक्त स्थान अब भी बने हुए हैं।
क्राइम रिपोर्टिंग के लिए पत्रकारिता के पाठ्यक्रम के साथ ही अपराधशास्त्र और दंड संहिताओं की भी जानकारी होनी चाहिए। उन्हें इस तरह के प्रश्नों का उत्तर जान लेना चाहिए कि अपराध क्या है, विद्वानों ने इसे किस तरह परिभाषित किया है, भारतीय दण्ड संहिता ‘आइपीसी’, रणबीर दण्ड संहिता, दण्ड प्रक्रिया संहिता ‘सीआरपीसी’, भारतीय साक्ष्य अधिनियम आदि क्या होते हैं? भारतीय समाज का यथार्थ और मीडिया का यथार्थ, आज दो ऐसे उल्लेखनीय विंदु हैं, जिन्हें ध्यान में रखकर ही पाठकों के लिए स्वीकार्य एवं सूचनापरक क्राइम रिपोर्टिंग की जा सकती है। समाज अर्थात अपराध जगत का यथार्थ। भारतीय समाज व्यवस्था को सबसे ज्यादा आर्थिक अपराध खोखला कर रहा है। क्राइम रिपोर्टर के लिए वही सबसे बड़ी चुनौती है।
पत्रकारिता के पेशे में स्पेशल एवं इन्वेस्टिगेटिंग रिपोर्टिंग और स्टिंग ऑपरेशन को सबसे कठिन चुनौती माना जाता है। यह दुधारी पत्रकारिता होती है। ऐसी खबरें लिखना हर रिपोर्टर के वश की बात नहीं होती है। ऐसी रिपोर्ट का संकलन और कॉपी राइटिंग जितनी महत्वपूर्ण होती है, उनका पाठक वर्ग भी उतना व्यापक होता है। जरूरी नहीं कि ऐसी रिपोर्ट नकारात्मक ही हो। स्पेशल, खोजपरक रिपोर्ट के लिए कठोर आत्मविश्वास और साहस, संकलन की तकनीकी कला और यांत्रिक संसाधन, लक्ष्य तक विश्वसनीय पहुंच और संपर्क होना आवश्यक है। खबर के संबंध में मिली पहली सूचना के हर पक्ष को समझने, परखने, जांचने की रिपोर्टर में की सुयोग्यता और पैना अनुभव होना चाहिए। यह सवाल उसे बार-बार परेशान करना चाहिए कि सूचना देने वाला सूत्र संदिग्ध तो नहीं है?
दुनियाभर में पर्यावरण असंतुलन का व्यक्ति, समाज और राष्ट्र के जीवन पर गंभीर असर है। पर्यावरण असंतुलन के बुनियादी कारण हैं - बढ़ती जनसंख्या, मानव की बढ़ती आवश्यकताएं और उपभोक्तावादी भूख। बढ़ता प्रदूषण, पर्यावरणीय क्षरण और प्राकृतिक आपदाओं से जन-धन की भारी तबाही अब हर वर्ष मीडिया की सुर्खियों में रहने लगी है। रेडियो, टेलीविजन और पत्र-पत्रिकाएं बारहो मास मौसम से संबंधित सूचनाओं के प्रति सतर्क रहती हैं। प्रतिदिन मौसम संबंधी जानकारियां प्रकाशित-प्रसारित होती हैं। प्रायः मीडिया पर्यावरण के प्रति लोगों को जागरूक करने के साथ ही पर्यावरण पर पड़ रहे गंभीर दुष्प्रभावों से आगाह भी करता रहता है। प्राकृतिक आपदा के दौरान रिपोर्टर को हालात के एक-एक पल पर नजर रखनी पड़ती है। प्राकृतिक आपदा को कवर करना हंसी-खेल नहीं होता है। किसी जन-आंदोलन, धरना-प्रदर्शन, संसदीय कार्यवाही या चुनाव की तरह उनकी रिपोर्टिंग नहीं की जा सकती।
नगर निकाय चूंकि शासन-प्रशासन और जनता की एक तरह की स्थानीय सरकार हैं, अतः उनके साथ भी कमोबेश वैसी ही संगति-असंगतियां स्वाभाविक हैं। एक बड़ी प्रचलित कहावत है कि सभी पत्रकार नागरिक होते हैं, लेकिन सभी नागरिक पत्रकार नहीं होते हैं। निकाय रिपोर्टर की जिम्मेदारी अन्य बीटों से कुछ कम अहम नहीं होती है। निकाय अध्यक्ष शहर का प्रथम नागरिक होता है। उसके साथ शहर के जर्रे-जर्रे से जुड़े पार्षदों (पक्ष-विपक्ष) की टीम होती है, इसलिए उसकी शहर की नागरिक व्यवस्था ही नहीं, राजनीति में भी प्रायः निर्णायक भूमिका रहती है। इससे निकाय स्थल शहरी राजनीति के भी एक तरह से केंद्रीय ठिकाने होते हैं। चुनाव के माध्यम से यहां के लिए निर्वाचित प्रतिनिधियों की अपने-अपने वार्डों के एक नागरिक तक सीधी पहुंच और रोजमर्रा की आमदरफ्त होती है। जनजीवन से जुड़ी घर-मकान, पानी, सड़कों के किनारे की बिजली, स्वास्थ्य सेवाएं, मकान-दुकानों के कराधान आदि में इनका सीधे हस्तक्षेप रहने से निकाय स्थल एक प्रमुख सूचना केंद्र भी होता है। आबादी में लगातार वृद्धि के साथ इनके क्षेत्र का भी अनवरत विस्तार होते जाने से निकाय रिपोर्टरों के दायित्व भी अब काफी बढ़ गये हैं। मीडिया की आपसी व्यावसायिक प्रतिस्पर्द्धाओं ने भी निकाय गतिविधियों को महत्वपूर्ण बना दिया है। यदि संबंधित शहर नगर निगम की श्रेणी में है या पर्यटन के प्रादेशिक, राष्ट्रीय या अंतरराष्ट्रीय मानचित्र पर है अथवा राजधानी के रूप में अति राजनीतिक महत्व का है तो निकाय के अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और उसी अनुपात में रिपोर्टर की भी जनजवाबदेही के रूप में अतिरिक्त दायित्व बढ़ जाते हैं।
इसी प्रकार खेल, राजनीति, धर्म, कला एवं संस्कृति, साहित्य, बाजार-व्यापार, शिक्षा, स्वास्थ्य, संसद और विधानसभा आदि की रिपोर्टिंग पर कुल बाईस अध्यायों में सविस्तार प्रस्तुत सामग्री पाठक का अपेक्षाधिक मार्ग दर्शन करती है।

Tuesday, 31 March 2015

'मजीठिया समय' में कहां दुबके हैं जमा-जुबानी गरिष्ठ-वरिष्ठ पत्रकार-साहित्यकार / जयप्रकाश त्रिपाठी

क्षमा करें कि एक चलताऊ मुहावरे के बहाने इतनी गंभीर बात कहनी पड़ रही है, लेकिन जनभाषा में सधती इसी तरह से लगी ये बात - जो डर गया, सो मर गया। भारतीय मीडिया के लिए हम अपने दौर को 'मजीठिया समय' नाम दें तो इससे बड़ा अर्थ निकलता है। 'मजीठिया समय' के हीरो वे हैं, जो डरे नहीं हैं, जो सुप्रीम कोर्ट तक देश भर के श्रमजीवी पत्रकारों के हित के लिए आज अपना सब कुछ दांव पर लगाकर जूझ रहे हैं, न्याय दिलाने के लिए अपने संकल्प पर अडिग हैं। बाकी वे सब डरपोक हैं, जो मजीठिया का लाभ तो लेना चाहते हैं लेकिन चुपचाप, नियोक्ता कहीं उन्हें जान-पहचान न जाए।
इसलिए और साफगोई से कहें तो 'मजीठिया समय' एक विभाजक रेखा है हिम्मतवर और डरपोक पत्रकारों के बीच। 'मजीठिया समय' उन लेखकों-साहित्यकारों-कवियों और गरिष्ठ-वरिष्ठ पत्रकारों को भी माफ नहीं करेगा, जो अखबार के पन्नों और टीवी स्क्रीन पर छाए रहने की गंदी (छपासी) लालसा में 'मजीठिया समय' पर अपना पक्ष चुराए पड़े हैं। और वे संगठन भी, जो पत्रकार-हितों के नाम पर तरह तरह की गोलबंदियां कर अपनी कमाई-धमाई में जुटे रहते हुए मालिकानों, अधिकारियों और सरकारों के गुर्गे हो चुके हैं।
कुछ मित्रों का कहना है कि भूखे भजन न होइ गोपाला। मेरा सोचना है कि भूख तो उन्हें भी लगती है, उनका भी घर परिवार है, जो 'मजीठिया समय' में शोषितों के साथ हैं और जिनमें से कइयों की नौकरी चली गई, कइयों की दांव पर लगी है, लेकिन जो कत्तई कदम पीछे लौटाने को तैयार नहीं हैं। सबसे बड़ी दिक्कत क्या है कि सुंदर-सुंदर साहित्य लिखने वाले, क्रांतिकारी बहस-राग सुनाने वाले, समाज के दुख-दर्द पर जमा-जुबानी हमदर्दी लुटाने वाले पत्रकारों ही नहीं, किसी भी वर्ग के संघर्ष के समय कुतर्कों की आड़ में मुंह छिपा लेते हैं क्योंकि किसी न किसी के हिस्से की उन्हें मलाई सरपोटनी होती है, किसी न किसी (कारपोरेट मीडिया आदि) के भरोसे उन्हें अपनी छद्म महानता का सार्वजनिक प्रदर्शन करना होता है, मंच से अथवा मुंह-मुंह मिट्ठुओं की तरह। साहित्य और सूचना के नाम पर गोबर थापने वाले ऐसे बात बहादुरों की बड़ी लंबी-लंबी कतारें हैं।
 इस 'मजीठिया समय' में उस कारपोरेट मीडिया का चरित्र देखिए कि हर दिन वह सौ रंग इसलिए बदल रहा है ताकि पत्रकारों का शोषण जारी रहे। एक अखबार (हिंदुस्तान) ने तो अपने यहां एडिटर शब्द पर ही स्याही फेर दी है क्योंकि एडिटर कहलाएगा तो सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद उसे संपादकनामा कर्मियों को वेजबोर्ड के अनुसार वेतन देना पड़ जाएगा। एक अखबार (भास्कर) ने मजीठिया की लड़ाई लड़ रहे मीडियाकर्मियों को तो श्रम न्यायालय में चोर करार दिया है। एक अखबार (अमर उजाला) अपनी कंपनी की सभी यूनिटों को अलग अलग दर्शाने का नाटक कर रहा है। एक अखबार (दैनिक जागरण) ने तो सुप्रीम कोर्ट में मजीठिया सिफारिशों और अदालती आदेशों को ही चैलेंज कर दिया है। यद्यपि सा-साफ ये सब के सब उच्चतम न्यायालय के मजीठिया संबंधी आदेश का अनुपालन न कर मानहानि के गुनहगार हैं। और हमारे राज्य की नीयत देखिए कि वह न्यायपालिका में कितनी आस्था रखता है। मजीठिया मामले पर उसने गंभीर चुप्पी साध रखी है क्योंकि वर्तमान या भविष्य के (पेड-सेट न्यूज वाला) चुनावी सर्कस खेलने में कारपोरेट मीडिया की पक्षधरता उसके लिए अपरिहार्य है।
अखबार, न्जूज चैनल और फिल्मों वाला ये वही धन-मीडिया है, जिसने अपसंकृति को कलेजे से लगा रखा है। सत्ता का पत्ता-पत्ता चाटने के लिए। प्रकट-अप्रकट तौर पर इस 'मजीठिया समय' में जो भी धन-मीडिया के साथ हैं, वे सभी हमारे वक्त में शोषित पत्रकारों और न्यायपालिका, दोनों के गुनहगार हैं। समय ये सन्नाटा भी तोड़ेगा, साथ ही उन गुनहगारों की शिनाख्त कर उनके खोखले विचारों और गतिविधियों पर सवाल भी जरूर जड़ेगा।  

भारत रत्न रजत शर्मा यानी किस पर शर्म करें / कौस्तुभ उपाध्याय

पद्म और भारत रत्न पुरस्कार प्रदान किए जाने के लिए राष्ट्रपति भवन के दरबार हाल में आयोजित पारंपरिक समारोह में कल टीवी एंकर और पत्रकार रजत शर्मा को पद्म भूषण से सम्मानित किया गया। रजत को यह पुरस्कार शिक्षा और साहित्य में उल्लेखनीय योगदान के लिए दिया गया। यह जानकर मन में जिज्ञासा हुई कि रजत बाबू के कभी किसी शैक्षणिक गतिविधि में संलग्न होने के बारे में तो सुना नहीं और न ही उनकी किसी किताब, कविता, कहानी या अन्य कोई साहित्यिक रचना के बारे में कभी सुना, ...तो फिर शिक्षा और साहित्य में योगदान के लिए इतना बड़ा पुरस्कार कैसे ?
मन में सहज ही सवाल उठा और यह उत्कंठा तत्काल मुझे ले गई सर्वज्ञानी गूगल बाबा की शरण में। तरह-तरह के कई की वर्ड मार कर काफी देर तक खंगाल डाला दुनिया में सबसे ज्यादा दक्ष माने जाने वाले इस सर्च इंजन पर, गूगल बाबा भी गुगली खा गए रजत बाबू के मामले में। शिक्षा या साहित्य में उनका कोई योगदान नहीं दिखा पाए मुझे। अतबत्ता उनकी बायोग्राफी, बैकग्राउंड पर कई तरह के मैटर जरूर दिखे। 
‘महानुभाव’ की जीवन गाथा जानने के ‌लिए रिजल्ट में दिख रहे विकीपीडिया के पेज पर झट से जा पहुंचा। इसमें उनके व्यक्तिगत जीवन, पत्नी ऋतु धवन के उल्लेख के साथ कंट्रोवर्सीज यानी कि शर्मा जी से जुड़े विवादों का भी एक शीर्षक दिखा जिसके तहत दी गई जानकारी के मुताबिक उनका नाम इंडिया टीवी की रिपोर्टर रही तनु शर्मा की खुदकुशी के मामले में भी आया था। लिखा था कि इससे मीडिया के पावर के मिसयूज को लेकर उस वक्त विवाद खड़ा हुआ था। रजत शर्मा द्वारा तनु को जून 2014 में इस संबंध में लीगल नोटिस भेजे जाने का जिक्र भी था। अन्य विवादों में भड़ास4मीडिया साइट चलाने वाले यशवंत सिंह को भी लीगल नोटिस भेजने का जिक्र था। 
इसके अलावा गूगल पर विवादों की पड़ताल करने पर रजत शर्मा द्वारा इंडिया टीवी पर नरेंद्र मोदी के ‌‘फिक्‍स्ड’ और ‘ओवर स्क्रिप्टेड’ इंटरव्यू चलाने के चलते कमर वाहिद नकवी द्वारा इंडिया टीवी से इस्तीफा दिए जाने की खबर भी दिखी। हालिया बात होने के कारण याद आ गया चुनाव की बेला में शर्मा जी के चैनल पर बार-बार चलाया गया मोदी का यह ‘करामाती’ इंटरव्यू। खूब ‘माहौल’ बना था इससे उस वक्त। वैसे मेरे ‘खुराफाती’ दिमाग ने पता नहीं क्यों उस वक्त ही यह सोचने की धृष्टता कर ली थी कि मोदी सरकार में आए तो रजत बाबू की तो बल्ले-बल्ले। कोई बड़ा पद और पुरस्कार जरूर मिलेगी। 
अब इसे सेटिंग-गेटिंग समझ लीजिए या विधि का विधान। हुआ भी ठीक ऐसा ही। रजत बाबू को सरकार की ओर से ‌गठित किसी कमेटी या ग्रुप (नाम याद नहीं आ रहा) में शामिल करने की खबर आई थी पिछले दिनों और तकरीबन उसके साथ ही उन्हें पद्म भूषण दिए जाने की घोषणा हुई। वहीं सरकार ने ग्लोबल स्तर पर पहचान बनाने वाले भारत के पहले कॉमिक कैरेक्टर को जन्म देने वाले कार्टूनिस्ट प्राण को मरणोपरांत महज पद्म श्री देकर निपटा दिया। 
इन बातों और विवादों में कौन सच्चा, कौन झूठा है इस बहस में मैं नहीं पड़ना चाहता। मेरी तो बस इतनी सी अर्ज है कि मोदी और जेटली को शर्मा की से यारी निभानी थी तो जरा सलीके से निभा लेते। इस साल पद्म श्री दे देते और बाद में पद्म भूषण, पद्म विभूषण और फिर भारत रत्न ही दे देते। अभी तो चार साल से भी ज्यादा वक्त पड़ा है। पर यारों ने शायद सोचा होगा कि भई ‘कल हो न हो’। अरे भइया तो फिर डायरेक्ट भारत रत्न ही दे डालते ना शर्मा जी को। कितनी मेहनत करते हैं बेचारे प्लांटेड इंटरव्यू को नेचुरल और स्पांटिन्युअस दिखाने के लिए। इस कला में भला है कोई जोड़ उनका?